सोरों के लहरा घाट पर जल संकट, प्रशासन ने शुरू की Kanwar Mela की तैयारी
महाशिवरात्रि कांवड़ मेला के दौरान राजस्थान और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ भरने के लिए सोरों के लहरा गंगा घाट पर पहुंचते हैं। हालांकि, इस बार नरौरा से गंगा में कम पानी छोड़े जाने और नदी की धारा में बदलाव के कारण घाट पर डुबकी लगाने लायक जल स्तर नहीं बचा है।
गंगा नदी सोरों के गांव खेरा के पास दो धाराओं में बंट जाती है। सिल्ट जमा होने के कारण लहरा घाट की ओर आने वाली धारा का प्रवाह कम हो गया है। इससे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान और कांवड़ भरने में भारी असुविधा हो रही है।
जिला प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर लहरा घाट पर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने खेरा गांव के पास नदी की धारा को अवरुद्ध कर रही सिल्ट को हटाने और एक बंधा बनाकर पानी को लहरा घाट की ओर मोड़ने की कवायद शुरू कर दी है।
एसडीएम और सोरों नगर पालिका की प्रभारी अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा ने बताया कि जल्द ही खेरा गांव के पास प्रवाह को सुचारू किया जाएगा, जिससे लहरा घाट पर स्नान के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
