मालिनी अवस्थी की बेटी अनन्या अवस्थी ने पास की आकाशवाणी परीक्षा, Malini Awasthi daughter ने साझा की भावुक पोस्ट
मशहूर गायिका मालिनी अवस्थी की बेटी अनन्या अवस्थी ने आकाशवाणी लखनऊ केंद्र में आयोजित सुगम संगीत की परीक्षा पास कर ली है। अनन्या ने गजल और भजन दोनों ही श्रेणियों में यह टेस्ट क्लियर किया है। इस सफलता के बाद अनन्या ऑल इंडिया रेडियो के लिए गजल और भजन के कार्यक्रम पेश करेंगी।
अनन्या अवस्थी के चयन पर उनकी मां मालिनी अवस्थी ने एक भावुक पोस्ट साझा की है। उन्होंने 1985 के उस दिन को याद किया जब मालिनी अवस्थी की मां उन्हें इसी तरह की परीक्षा दिलाने आकाशवाणी लखनऊ लेकर आई थीं। मालिनी ने अपनी बेटी के साथ आकाशवाणी केंद्र में अपनी फोटो भी शेयर की है।
मालिनी अवस्थी ने लिखा है कि आज का दिन उनके लिए बहुत भावुक करने वाला है। उन्होंने कहा कि जब वह अपनी बेटी को स्वर परीक्षा दिलाने आकाशवाणी लखनऊ आईं तो उन्हें वह समय याद आ गया, जब उनकी मां उन्हें 1985 में इसी ड्योढ़ी में लेकर आई थीं। मालिनी ने कहा कि वह तब यह कल्पना करके रोमांचित हो गई थीं कि यह वही आकाशवाणी लखनऊ है, जहां पंडित भीमसेन जोशी, मदन मोहन और बेगम अख़्तर जैसे कलाकार आते थे।
मालिनी ने अपनी पोस्ट में आकाशवाणी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कितने भी चैनल आएं, आकाशवाणी का विकल्प न कभी था, न कभी होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह आकाशवाणी परंपरा का अंश हैं। मालिनी ने आगे कहा, “आज लग रहा है जैसे मां की जगह मैं हूं और मेरी जगह मेरी बिटिया। यही है विरासत को आगे बढ़ाना।” उन्होंने बताया कि अनन्या ने भजन और ग़ज़ल दोनों श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है।
