महाशिवरात्रि Kanwar Mela: यूपी के लहरा घाट पर गंगा में नहीं बचा डुबकी लायक पानी, श्रद्धालु परेशान
महाशिवरात्रि कांवड़ मेला के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के लहरा गंगा घाट पहुंच रहे हैं। हालांकि, गंगा नदी में जलस्तर इतना कम हो गया है कि श्रद्धालुओं को डुबकी लगाने लायक पानी भी नहीं मिल रहा है। इसका मुख्य कारण नरौरा बांध से केवल 5,000 क्यूसेक पानी का छोड़ा जाना है।
गंगा नदी की मुख्य धारा सोरों के खेरा गांव के पास शिल्ट जमा होने के कारण बदायूं क्षेत्र की ओर मुड़ गई है। इससे लहरा घाट पर जल संकट गहरा गया है। कांवड़ भरने आए श्रद्धालुओं को गंगा में जल की कमी से भारी निराशा हो रही है। स्थानीय निवासियों ने सिंचाई विभाग और प्रशासन से मांग की है कि नरौरा से पानी की मात्रा बढ़ाई जाए और खेरा गांव पर जमा शिल्ट को हटाया जाए ताकि लहरा घाट पर जल प्रवाह सामान्य हो सके।
महाशिवरात्रि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, कांवड़ भरने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए ताकि लाखों श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
