कानपुर में सड़क हादसे में मजदूर की मौत, टैटू से हुई पहचान; परिजनों में कोहराम
कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान उसके हाथ पर बने टैटू से हुई है। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर फोटो साझा की थी, जिसके बाद उसके साथी मजदूरों ने टैटू देखकर पहचान की। मृतक की पहचान 50 वर्षीय राममिलन के रूप में हुई है, जो सिद्धार्थ नगर के निवासी थे और पिछले 10 वर्षों से चकरपुर मंडी में मजदूरी कर रहे थे।
हादसे में हुई थी मौत
रविवार को राममिलन काम से लौट रहे थे, तभी सचेंडी में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की, लेकिन कोई दस्तावेज नहीं मिला।
सोशल मीडिया से मिली पहचान
पुलिस ने पहचान के लिए मृतक की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस दौरान मृतक के हाथ पर राममिलन नाम का टैटू बना हुआ था। चकरपुर मंडी में काम करने वाले उनके साथियों ने टैटू देखकर पहचान की और पुलिस को सूचना दी।
परिजनों में कोहराम
पुलिस ने राममिलन के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सिद्धार्थ नगर में रहने वाली उनकी पत्नी इंद्रावती और अन्य परिजनों को सूचना मिलते ही कोहराम मच गया।
