कानपुर में लव मैरिज के 3 महीने बाद महिला की हत्या, पति पर आरोप; Kanpur crime news
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पनकी क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में सोमवार को एक महिला का शव मिला। मृतका के चेहरे पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतका की मां चित्रा की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मृतका दीपिका सैनी ने अक्टूबर 2025 में रामगंगा एनक्लेव रतनपुर के रहने वाले ट्रक ड्राइवर सौरभ दुबे उर्फ शोएब से लव मैरिज की थी। पड़ोसियों के मुताबिक, शादी के बाद से ही दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था। सोमवार देर शाम जब दीपिका के भाई कुलदीप ने फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। कुलदीप जब फ्लैट पर पहुंचा तो वहां सौरभ उर्फ शोएब मौजूद था। कुलदीप के पूछने पर शोएब ने बताया कि दीपिका ने फांसी लगा ली है और कमरे में है। कुलदीप जब कमरे में गया तो दीपिका बिस्तर पर मृत पड़ी थी। कुलदीप ने जब पुलिस को सूचना देने के लिए फोन निकाला, तो शोएब मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि यह दीपिका की दूसरी शादी थी। छह साल पहले उसने खालिद नामक एक व्यक्ति से प्रेम विवाह किया था। खालिद से दीपिका के दो बच्चे (अनिरुद्ध 5 और रूद्र 2) भी हैं। विवाद के बाद खालिद ने दीपिका को छोड़ दिया था। पहले पति के छोड़ने के बाद दीपिका एक फैक्ट्री में काम कर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सौरभ से हुई और दोनों ने मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया। पड़ोसियों ने बताया कि सौरभ के जन्म के बाद ही उसके माता-पिता का निधन हो गया था और उसका पालन-पोषण मुस्लिम समुदाय के लोगों ने किया था, जिन्होंने उसका नाम शोएब रख दिया था। डीसीपी पश्चिम ने बताया कि दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति की तलाश की जा रही है।
