कानपुर देहात: छुट्टी पर आए UP Police सिपाही की ट्रेन से कटकर मौत, आत्महत्या या हादसा?
कानपुर देहात जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक पुलिस सिपाही की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना तिलौंची स्टेशन के पास झांसी-कानपुर रेल मार्ग पर हुई। सिपाही ललितपुर जिले में तैनात था और छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आया हुआ था। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि यह एक दुर्घटना थी या आत्महत्या।
मृतक सिपाही की पहचान धीरेंद्र सिंह (40) के रूप में हुई है, जो तिलौंची गांव के रहने वाले थे। वह ललितपुर में डायल-112 सेवा में कार्यरत थे। धीरेंद्र सिंह हाल ही में पांच दिन की छुट्टी लेकर अपनी पत्नी के साथ गांव आए थे। सोमवार दोपहर को खाना खाने के बाद वह टहलने के लिए निकले थे।
टहलते समय वह तिलौंची स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि सिपाही की मौत दुर्घटना थी या आत्महत्या। इंस्पेक्टर गजनेर जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों ने इसे टहलने के दौरान हुआ हादसा बताया है, जबकि स्टेशन पर मौजूद कुछ लोगों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
