यूपी में मौसम का मिजाज बदला, लखनऊ-कानपुर में आंधी-बारिश; IMD ने जारी किया Yellow Alert
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। राजधानी लखनऊ और कानपुर में सुबह नौ से दस बजे के बीच अचानक घने बादलों ने सूर्य को ढंक लिया, जिससे सड़कों पर अंधेरा छा गया और वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। इसके तुरंत बाद शुरू हुई तेज आंधी और बारिश ने पूरे शहर को सराबोर कर दिया।
लखनऊ के हजरतगंज, गोमती नगर और अमौसी क्षेत्र में अचानक काले बादल छाने से दृश्यता (Visibility) काफी कम हो गई। देखते ही देखते धूल भरी आंधी चली और फिर मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज आंधी के कारण टीन शेड उड़ गए और सड़क किनारे लगे फ्लैक्स फट गए। कानपुर में भी कल्याणपुर से लेकर जाजमऊ तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस अचानक आए बदलाव के कारण दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के मिलन के कारण यह स्थिति बनी है।
मौसम विभाग ने फतेहपुर, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, लखीपुर खीरी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए आकाशीय बिजली गिरने, तेज बादल गरजने, 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के साथ ही बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, हमीरपुर, जालौन, झांसी, इटावा, मैनपुरी, अयोध्या, औरैया, फर्रुखाबाद और आसपास के जिलों में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम के इस बदले स्वरूप ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। वर्तमान में गेहूं की फसल तैयार हो रही है और सरसों की कटाई का समय है। ऐसे में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि फसलों को भारी नुकसान पहुंचा सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे फिलहाल सिंचाई रोक दें और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें।
