Under-16 Cricket Tournament: Raman Lal School ने Mount Hill को 101 रन से हराया, भुवनेश बने ‘मैन ऑफ द मैच’
रमन लाल इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पर अंडर-16 स्कूल बॉयज क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच खेला गया। इस मुकाबले में रमन लाल इंटरनेशनल स्कूल ने माउंट हिल अकेडमी को 101 रनों के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख बलदेव प्रतीक चौधरी और चेयरमैन योगेंद्र गोयल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।
टॉस जीतकर माउंट हिल अकेडमी ने पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। रमन लाल इंटरनेशनल स्कूल के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 245 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से भुवनेश ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 94 रनों की पारी खेली, जबकि प्रिंस ने 68 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी माउंट हिल अकेडमी की टीम 144 रन ही बना सकी और ऑल आउट हो गई। माउंट हिल की ओर से हर्ष गौतम ने सर्वाधिक 69 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला। रमन लाल इंटरनेशनल स्कूल के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें हिमांशु और चिराग ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मैच के बाद मथुरा जिला क्रिकेट संघ के सचिव कमल चावला ने रमन लाल स्कूल के भुवनेश को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एसके शर्मा, रवि गुर्जर, राजीव भार्गव, अमित सारस्वत, बी तोमर और राहुल रावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
