कानपुर में तीन दुकानों से ढाई लाख की चोरी, छत तोड़कर घुसे चोर
कानपुर के अहिरवां इलाके में चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों से करीब ढाई लाख रुपये का माल चोरी कर लिया। चोरों ने छत के रास्ते दुकानों में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी की घटना से स्थानीय कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
चकेरी थाना क्षेत्र के अहिरवां दोराहा स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके को चोरों ने सबसे पहले निशाना बनाया। सेल्समैन सुरजन सिंह के मुताबिक, चोरों ने छत पर लगी लोहे की जाली काटकर दुकान में प्रवेश किया। चोरों ने दुकान से डेढ़ लाख रुपये नकद और शराब की कई पेटियां चुरा लीं।
इसके बाद चोरों ने पास ही स्थित गुलाब प्रजापति की सब्जी की दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने टिन शेड के पेंच खोलकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और लगभग नौ हजार रुपये नकद चुरा लिए।
तीसरी वारदात संजय कुशवाहा की हार्डवेयर की दुकान पर हुई। चोरों ने सीमेंट की चादर तोड़कर दुकान में घुसपैठ की। यहां से चोरों ने गुल्लक में रखे 15 हजार रुपये और करीब 20 हजार रुपये मूल्य की टोटियां चोरी कर लीं।
तीनों दुकानदारों को सोमवार सुबह घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने दुकानदारों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश कर रही है।
