विकसित भारत के लिए तन-मन से काम करें श्रमिक: Aligarh News में मंत्री ने कहा
उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (UPJA) के तत्वावधान में अलीगढ़ के कृष्णांजलि मंच पर रविवार को एक श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में वक्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य मंत्री रघुराज सिंह, उप श्रमायुक्त नदीम अहमद दिवाकर सिंह और उपजा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने मां शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर किया।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, तो श्रमिकों को पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में श्रमिकों का योगदान सर्वोपरि है।
मंत्री ने श्रमिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और उन्हें दृढ़ता से मांगने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। सम्मेलन में देव मिश्रा, उमेश शर्मा, चंद्रभान शर्मा, शिक्षाविद गिर्राज किशोर और डॉ. जावेद सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
