कानपुर में KDA का खौफ: अवैध प्लॉटिंग करने वालों ने खुद तोड़े निर्माण, 12 बीघा और चिह्नित
कानपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। जोन एक-बी में KDA के लगातार ध्वस्तीकरण अभियान का ऐसा असर हुआ कि ख्योरा कटरी क्षेत्र के डेवलपर्स में हड़कंप मच गया। KDA के एक्शन के डर से अवैध प्लॉटिंग करने वालों ने खुद ही अपनी संरचनाओं को तोड़ना शुरू कर दिया।
KDA ने ख्योरा कटरी में प्यारेलाल, रामदुलारी, सुंदर लाल और सुनील की अराजी संख्या 1267 और 1268 के साथ ही सुधीनपुरवा में छह बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग को चिह्नित किया था। इन सभी को KDA की तरफ से नोटिस जारी किए गए थे और ध्वस्तीकरण की तैयारी चल रही थी। इसी बीच, प्लॉटिंग कराने वालों ने खुद ही निर्माण तोड़ लिया।
KDA के ओएसडी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बिठूर और कल्याणपुर इलाकों में भी 12 बीघा और अवैध निर्माण चिह्नित किए गए हैं, जिन पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। KDA ने रविवार को ख्योरा कटरी में एक परिसर को सील भी कर दिया।
