अखिलेश यादव पर तेज प्रताप का हमला, पूछा- पैसा कहां से आता है?
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा है। एक हालिया इंटरव्यू में तेज प्रताप ने अखिलेश यादव की संपत्ति और उनके महंगे जीवनशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए पूछा कि उनके पास इतना पैसा कहां से आता है। तेज प्रताप ने अखिलेश पर चुनाव के दौरान अपमान करने का आरोप लगाया, जिसके कारण अब दोनों के बीच बातचीत बंद है।
तेज प्रताप ने अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री पर कथा सुनाने के लिए करोड़ों रुपये लेने का आरोप लगाया था। तेज प्रताप ने कहा कि अखिलेश यादव खुद भी तो बढ़िया-बढ़िया गाड़ियों से घूमते हैं और हेलीकॉप्टर से तांडव मचाते हैं। उन्होंने अखिलेश को ‘टोटी चोरी’ की घटना याद दिलाते हुए कहा कि उन्हें मकान मिलता है तो टोटी चोरी हो जाती है।
तेज प्रताप यादव ने कहा कि पहले उनकी अखिलेश यादव से वीडियो कॉल पर बातचीत होती थी, लेकिन चुनाव के दौरान उन्होंने अपमान किया तो अब क्यों उनसे बात होगी? उन्होंने कहा, ‘आप सम्मान दीजिए, हम आपको सम्मान देंगे।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि पारिवारिक संबंध अपनी जगह हैं, लेकिन राजनीतिक मतभेद अलग हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव महागठबंधन का हिस्सा थे, ऐसे में उनके प्रचार में जाने का सवाल ही नहीं उठता।
तेज प्रताप ने स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को सबसे बड़ा नेता बताते हुए कहा कि उनके जैसा नेता आज तक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पुराने समाजवादी नेता जैसे लालू प्रसाद यादव और शरद यादव का अलग विचार है, लेकिन आजकल के नेताओं का सोच बदल गया है।
