लखनऊ: गुजरात ले जाए जा रहे 4 नाबालिगों को बचाया, human trafficking news में एक गिरफ्तार
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर, टीम ने एक एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या S-06 की तलाशी ली और चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। इन बच्चों को काम दिलाने के बहाने राज्य से बाहर ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, बच्चों को पश्चिम बंगाल से गुजरात ले जाया जा रहा था। उन्हें गुजरात की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम दिलाने का लालच दिया गया था, जिसके लिए उन्हें प्रतिदिन 700 से 800 रुपये मजदूरी का आश्वासन दिया गया था। आरोपी ने बच्चों के यात्रा टिकट भी खुद ही खरीदे थे।
रेस्क्यू किए गए बच्चों की उम्र लगभग 16 से 17 वर्ष के बीच है। पूछताछ के बाद, बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के आदेशानुसार राजकीय बालगृह (बालक), मोहन रोड, में सुरक्षित आश्रय दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल निवासी सैफुद्दीन नामक एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना AHTU लखनऊ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
