UPSSSC Junior Assistant परीक्षा: कानपुर में 12 हजार अभ्यर्थी देंगे एग्जाम, AI निगरानी में होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा रविवार को कानपुर में होगी। इस परीक्षा में 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके लिए शहर में 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की दो चरणों में जांच होगी। पहले चरण में पुलिस द्वारा सामान्य चेकिंग की जाएगी, जिसके बाद बायोमेट्रिक और आंखों की पुतली (Iris scan) की जांच होगी। पेपरों को सुबह 6 बजे कोषागार के डबल लॉक से कड़ी सुरक्षा के बीच निकाला जाएगा। कोषागार में बने कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की मॉनीटरिंग की जाएगी।
