Alankar Agnihotri ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, बोले- ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह कर रही काम
यूजीसी कानून के विरोध में इस्तीफा देकर चर्चा में आए बरेली के निलंबित सिटी मजिस्ट्रेट Alankar Agnihotri शनिवार को कानपुर पहुंचे। अपने गृह नगर पहुंचने पर उन्होंने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। अलंकार अग्निहोत्री ने मौजूदा सरकार की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से करते हुए कहा कि यह सरकार देश को फिर से गुलामी की जंजीरों में कैद करने की तैयारी कर रही है।
केशवनगर स्थित अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 15-20 लाख करोड़ के बजट का बीस प्रतिशत पैसा लेकर भागने की फिराक में है। उन्होंने कहा कि देश में आमजन हित का कोई काम नहीं दिख रहा है। एक तरह से देश को फिर से गुलाम बनाने की कोशिश हो रही है और इसी एजेंडे पर कंपनी बनाकर काम किया जा रहा है।
अलंकार अग्निहोत्री के कानपुर पहुंचने पर उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। आवास के बाहर जमा हुए लोगों ने ‘कानपुर का शेर आया’ जैसे नारे लगाए। इस दौरान अलंकार ने बुजुर्गों के पांव छूकर आशीर्वाद लिया।
उन्होंने कहा कि यूजीसी के काले कानून के विरोध में उन्होंने इस्तीफा दिया था, जिसके बाद देश भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुआ और सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी। अब उन्होंने एससी-एसटी एक्ट को खत्म करने के लिए आंदोलन करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस कानून ने लाखों लोगों के जीवन को बर्बाद किया है।
