एसपी अंकिता शर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं बेहतर रखने के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, वर्दी स्टोर, स्कूल, भोजनालय, आरओ प्लांट, बैरिकों, कैंटीन, परिवहन शाखा, चिकित्सालय, साइबर थाना, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और आवासों के रख-रखाव का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने साफ-सफाई, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता और अभिलेखों की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पत्रावलियों को अद्यतन रखने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और समग्र व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों की बैरिक, प्रशिक्षण स्कूल और भोजनालय का भी निरीक्षण किया गया। एसपी ने रिक्रूटों से सीधे संवाद कर उनके प्रशिक्षण, रहन-सहन, भोजन और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने रिक्रूटों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और पुलिस विभाग की गरिमा बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
