देहरादून में भारी बारिश का Orange Alert, सभी स्कूल बंद करने का आदेश जारी
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मौसम के बदले मिजाज के कारण जिला प्रशासन ने मंगलवार को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग ने देहरादून जिले के लिए भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार, मंगलवार को जनपद में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। इसके साथ ही मध्यम बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है। मौसम की गंभीर स्थिति और संभावित आपदा जोखिम को देखते हुए, देहरादून जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। प्रशासन ने सभी अभिभावकों और स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लें और बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखें।
