Agra news: सर्दी से बचाने के लिए भालुओं को खजूर, हाथियों की मालिश
आगरा के कीठम भालू संरक्षण गृह और चुरमुरा हाथी अस्पताल में कड़ाके की ठंड से जानवरों को बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां भालुओं और हाथियों की देखभाल के लिए डाइट और रहने के वातावरण में बदलाव किया गया है।
हाथियों को ठंड से बचाने के लिए तिल और लौंग के तेल से मालिश की जा रही है। यह मालिश उनके रक्त संचार को बेहतर बनाने में मदद करती है। बुजुर्ग हाथियों को कंबल भी ओढ़ाए जा रहे हैं। उनके बाड़ों में ठंडी हवा रोकने के लिए तिरपाल लगाए गए हैं और हैलोजन लैंप से गर्मी दी जा रही है। खाने में गुड़, घी के साथ लौंग, हल्दी, अदरक और लहसुन जैसे गर्म मसाले मिलाए जा रहे हैं ताकि शरीर गर्म रहे।
भालुओं के लिए भी खास इंतजाम हैं। उन्हें गर्म बाजरा-रागी का दलिया दिया जा रहा है, जिसमें गुड़ और उबले अंडे मिलाए जाते हैं। साथ ही, उन्हें मुरमुरे, गुड़ और मूंगफली की खास ट्रीट भी दी जाती है। उनके रहने की जगह पर सूखी घास और धान का भूसा बिछाया गया है। बुजुर्ग भालुओं के लिए हीटर और तिरपाल का उपयोग किया जा रहा है।
ये सभी इंतजाम जानवरों को ठंड के तनाव से बचाने और उन्हें स्वस्थ रखने के लिए किए गए हैं।
