लखनऊ में पुराने विवाद को लेकर दंपति और बेटे पर हमला, 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज (Lucknow news)
लखनऊ के वृंदावन योजना सेक्टर 12 बी में पुराने विवाद को लेकर बातचीत करने गए एक दंपति और उनके नाबालिग बेटे पर आधा दर्जन दबंगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीड़ितों को बुरी तरह पीटा। यह घटना तब हुई जब पीड़ित पक्ष आरोपियों से विवाद सुलझाने के लिए उनके घर गया था।
पीड़िता सोनम चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका नाबालिग बेटा आयुष चौहान का बरौली निवासी कुलदीप चौहान से कुछ विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर सोनम अपने पति महेंद्र चौहान और बेटे आयुष के साथ शनिवार को कुलदीप चौहान के घर बातचीत करने गई थीं।
आरोप है कि कुलदीप चौहान ने पहले से ही प्रिंस पाल, आसिफ, सनी रावत, अनुराग और यश गौतम सहित पांच अन्य लोगों को लाठी-डंडों के साथ बुला रखा था। बातचीत के दौरान आरोपियों ने अचानक दंपति और उनके बेटे पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान कॉलोनी के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सभी 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
