महिलाओं के डांस पर नोट उड़ाना: UP महिला आयोग सदस्य ने की कार्रवाई की मांग, UP politics news
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने सहावर में आयोजित एक कार्यक्रम में महिलाओं के नृत्य और उन पर खुलेआम पैसे उड़ाए जाने की घटना को सामाजिक मूल्यों की अवहेलना करार दिया है। उन्होंने कासगंज के सूचना विभाग के व्हाट्सएप ग्रुप पर जारी बयान में कहा कि इस मामले में आयोजक के खिलाफ जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
आयोग सदस्य रेनू गौड़ ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में मंच पर कलाकारों द्वारा अशोभनीय नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिस पर लोग नोट उड़ा रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आयोजक और अन्य जिम्मेदार लोग स्थिति को नियंत्रित करने के बजाय मूकदर्शक बने रहे।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, इस आयोजन के लिए प्रशासन से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। आयोग सदस्य ने प्रशासन से आग्रह किया है कि इस गंभीर मामले में आयोजकों, कार्यक्रम से जुड़े जिम्मेदार व्यक्तियों और बिना अनुमति के आयोजन कराने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाना समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।
