कफ सिरप तस्करी: शुभम जायसवाल को 22 करोड़ में बेचा गया था कॉम्प्लेक्स, ED investigation में महिला निदेशक को क्लीन चिट
कफ सिरप तस्करी के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। ED ने शुभम की फर्म शैली ट्रेडर्स के खातों की जांच के दौरान 22 करोड़ रुपये के बड़े लेन-देन का पता लगाया। यह रकम वाराणसी की एक निजी बिल्डर कंपनी की महिला निदेशक को दी गई थी।
जांच में पता चला कि महिला निदेशक ने यह रकम शुभम जायसवाल को एक कॉम्प्लेक्स बेचने के बदले में ली थी। शुभम ने यह रकम अपने पिता भोला के नाम पर खोली गई फर्म शैली ट्रेडर्स के खाते से दी थी। ED ने इस संबंध में महिला निदेशक को नोटिस जारी किया था।
रविवार को महिला निदेशक ED के सामने पेश हुईं और अपने बयान दर्ज कराए। उन्होंने लेन-देन से संबंधित सभी दस्तावेज भी सौंपे। दस्तावेजों की जांच के बाद ED अधिकारी संतुष्ट हो गए और महिला निदेशक को क्लीन चिट दे दी गई।
हालांकि, ED अब शुभम जायसवाल की संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी कर रही है। शुभम फिलहाल दुबई में छिपा हुआ है, जबकि उसके पिता भोला सोनभद्र जेल में बंद हैं। परिवारजन शुभम की संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाए हैं। इसी आधार पर ED जल्द ही शुभम की वाराणसी स्थित कोठी के साथ ही इस कॉम्प्लेक्स को भी जब्त कर सकती है।
