UP के बड़े मिल्क प्रोडक्ट पर Income Tax raid, तीसरे दिन भी जांच जारी; GST की भी नजर
उत्तर प्रदेश के आगरा और अलीगढ़ में स्थित भोले बाबा मिल्क प्रोडक्ट के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी तीसरे दिन भी जारी रही। आगरा और अलीगढ़ आयकर विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की है, जिसमें अलीगढ़ की उत्पादन यूनिट पर मुख्य रूप से जांच चल रही है। जांच के दौरान अधिकारियों ने कंपनी के एकाउंट सेक्शन, फैक्ट्री के भीतर रखी अलमारियों और पुराने कंप्यूटरों की गहन छानबीन की है।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई है कि कंपनी द्वारा अधिकांश खरीद और बिक्री कच्चे पर्चे पर की जा रही थी। अधिकारियों ने पिछले पांच सालों में कंपनी द्वारा दाखिल किए गए रिटर्न और उसकी वास्तविक आय का मिलान करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा, कंपनी को दूध की सप्लाई करने वाले सप्लायर्स के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
इस बीच, आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग की भी नजरें भोले बाबा मिल्क प्रोडक्ट पर टिक गई हैं। जीएसटी अधिकारी भी जल्द ही कंपनी को नोटिस जारी कर सकते हैं। जांच के दौरान, परिसर के बाहर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है, जबकि फैक्ट्री में उत्पादन और माल की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी एक दिन और चल सकती है।
