आगरा में Voter ID बनवाने का मौका, रविवार को लगेगा विशेष कैंप
आगरा में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नौ विधानसभा क्षेत्रों के 3696 बूथों पर बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) मौजूद रहेंगे। सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलने वाले इस कैंप में ऐसे लोग जिनके नाम मतदाता सूची से कट गए हैं या फिर नाम, पता, उम्र में कोई त्रुटि हो गई है, वे सुधार करा सकते हैं।
नए मतदाताओं के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। जो लोग पहली बार मतदाता बनने जा रहे हैं, उन्हें फार्म-छह के साथ घोषणा पत्र भरकर बीएलओ को जमा करना होगा। बीएलओ द्वारा उन मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे जिनके नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गलती न हो। अब तक 46 हजार लोगों ने फार्म भरकर जमा कर दिए हैं, जिनकी जांच के बाद नाम बढ़ाए जाएंगे।
इस अभियान के तहत दावे एवं आपत्तियों की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित की गई है। इसके बाद, अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को प्रकाशित की जाएगी। प्रशासन ने 3.25 लाख ‘नो मैपिंग’ श्रेणी वाले मतदाताओं को भी जल्द ही नोटिस जारी करने की योजना बनाई है। इन मतदाताओं को अपने निवास और पहचान को प्रमाणित करने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक या सरकारी परिचय पत्र जैसे दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
