Agra news: सरसों तेल कंपनी से 48 लाख की धोखाधड़ी, बंगाल की तीन फर्मों पर केस दर्ज
आगरा में सलोनी ब्रांड सरसों तेल के कारोबारी महेश एडिबल ऑयल कंपनी के साथ 48 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी ने पश्चिम बंगाल की तीन फर्मों को सरसों तेल की सप्लाई की थी, जिसके बाद फर्मों ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। कंपनी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर हरीपर्वत थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
महेश एडिबल ऑयल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रतिनिधि अफसार अहमद ने पुलिस को बताया कि कोलकाता की फर्म प्रियंका इंटरप्राइजेज के श्रीकांत नश्कर, कोलकाता की फर्म द्वारेका एडिबल ऑयल के प्रोमित मैती और बर्दवान पश्चिम बंगाल की फर्म गणेश ट्रेडर्स के बबलू अधिकारी ने उनसे सरसों तेल खरीदा था। इन फर्मों ने आश्वासन दिया था कि वे बाद में भुगतान करेंगी।
शिकायत के अनुसार, प्रियंका इंटरप्राइजेज पर 13.91 लाख रुपये, द्वारेका एडिबल ऑयल पर 17.56 लाख रुपये और गणेश ट्रेडर्स पर 17 लाख रुपये बकाया हैं। बार-बार संपर्क करने के बावजूद इन फर्मों ने भुगतान नहीं किया। इसके बाद कंपनी ने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया। हरीपर्वत पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीनों फर्मों के संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
