Agra News: आज है वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने का आखिरी मौका, जानें क्या करना होगा
आगरा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को एक विशेष कैंप आयोजित किया जा रहा है। यह कैंप उन लोगों के लिए आखिरी मौका है जो मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराना चाहते हैं या उसमें कोई सुधार कराना चाहते हैं। इस अभियान के तहत नौ विधानसभा क्षेत्रों के 3696 बूथों पर सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) मौजूद रहेंगे।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य उन मतदाताओं को मौका देना है जिनके नाम मतदाता सूची से हट गए हैं या जिनके नाम, पते या उम्र में कोई त्रुटि है। बीएलओ द्वारा उन मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए जाएंगे जिनके नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। नए मतदाता बनने के लिए फार्म-छह के साथ घोषणा पत्र भी भरना होगा। दोनों फार्म भरकर बीएलओ को जमा करने होंगे।
अब तक 46 हजार लोगों ने फार्म भरकर बीएलओ के पास जमा कर दिए हैं, जिनकी जांच के बाद नाम बढ़ाए जाएंगे। मतदाता सूची को लेकर दावे एवं आपत्तियों की अंतिम तिथि 6 फरवरी है। अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च को प्रकाशित होगी।
नौ विधानसभा क्षेत्रों में 3.25 लाख नो मैपिंग श्रेणी वाले मतदाता हैं। जल्द ही ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा। मतदाताओं को संबंधित दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, पैन कार्ड, सरकारी कार्यालय या फिर पेंशन का परिचय पत्र, बैंक पासबुक, फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र में से कोई एक दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा।
