कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसा, DCM की टक्कर से बाइक सवार की मौत; परिवार में मचा कोहराम
कानपुर देहात में हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रसूलाबाद कस्बे में शनिवार को एक तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से 40 वर्षीय आदित्य राजपूत की मौत हो गई। आदित्य अपने चचेरे भाई से मिलकर घर लौट रहा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
यह हादसा बेला-कानपुर मार्ग पर रसूलाबाद कस्बे के पास हुआ। आदित्य राजपूत ईंट गारा देने का काम करता था और दिबियापुर औरैया से वापस अपने गांव उसरी लौट रहा था। दोपहर के समय डीसीएम ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आदित्य को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
