लखनऊ: ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, परिजनों ने की शिकायत
लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र के रहने वाले मुन्ना लाल (35) के हाथ में चोट लगने के बाद उन्हें हरदोई रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने ऑपरेशन के लिए 40 हजार रुपये का खर्च बताया। गुरुवार सुबह मुन्ना लाल को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया और बेहोशी की दवा दी गई।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने बेहोशी की दवा की ओवरडोज दे दी, जिससे ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। जब मरीज की सेहत में सुधार नहीं हुआ, तो परिजन उसे दुबग्गा स्थित एक अन्य निजी अस्पताल ले गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दूसरे अस्पताल में भी मरीज की मौत हो चुकी थी, लेकिन फिर भी उसे वेंटिलेटर पर रखा गया।
आरोप है कि मौत के बाद भी अस्पताल संचालक ने मरीज को लॉरी कार्डियोलॉजी रेफर कर दिया। जब परिजन मरीज को लेकर लॉरी पहुंचे, तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने निजी अस्पताल के संचालक और डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी। एसीएमओ और नोडल अधिकारी नर्सिंग होम डॉ. एपी सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मिलने पर एक कमेटी गठित कर जांच करवाई जाएगी। यदि अस्पताल संचालक और डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही के आरोप सही पाए जाते हैं, तो मुकदमा दर्ज करने की संस्तुति की जाएगी।
