कानपुर देहात: cyber fraud के शिकार युवक को 24 घंटे में वापस मिले 25 हजार रुपये
कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को राहत पहुंचाई है। पातेपुर अकबरपुर निवासी बलवीर सिंह के खाते से 16 जनवरी को 25 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। पीड़ित को जब मैसेज मिला तो उसने तुरंत साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही पीड़ित ने अकबरपुर कोतवाली की साइबर हेल्प डेस्क पर भी जानकारी दी।
पुलिस और साइबर टीम ने मिलकर इस मामले पर तुरंत काम शुरू किया। साइबर टीम ने ठगी की राशि को ट्रैक किया और 24 घंटे के भीतर ही पीड़ित के खाते में वापस करा दिया। शनिवार को अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने पीड़ित को रुपये वापस मिलने की स्लिप सौंपी, जिससे पीड़ित के चेहरे पर खुशी आ गई।
पुलिस ने इस घटना के माध्यम से लोगों को जागरूक किया है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन ठगी होने पर 24 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर 1930 पर सूचना देना अनिवार्य है। इससे ठग के खाते को तुरंत फ्रीज कराया जा सकता है और ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। इसके बाद में पीड़ित साइबर क्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर भी शिकायत दर्ज करा सकता है।
