यूपी दिवस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं अमित शाह, लखनऊ में ‘Viksit Uttar Pradesh’ थीम पर तैयारियां तेज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ आ सकते हैं। हालांकि, अभी तक उनके दौरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन प्रदेश सरकार ने उन्हें आमंत्रित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस वर्ष यूपी दिवस का मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित नवनिर्मित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा।
इस बार उत्तर प्रदेश दिवस की थीम ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले इन कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण सभी जिलों में किया जाएगा। यह पहली बार है जब यूपी दिवस का मुख्य आयोजन राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर हो रहा है, जिसका उद्घाटन हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
यूपी दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ी झांकियां, सरकारी योजनाओं के स्टॉल, ओडीओपी (एक जिला-एक उत्पाद) और जीआई टैग उत्पादों की प्रदर्शनी शामिल होगी। इसके अलावा, मिशन शक्ति और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर विशेष प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रमों को भव्य बनाने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जिलाधिकारियों ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति की जाए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
