मौनी अमावस्या: प्रयागराज में आज रात से नो-व्हीकल जोन, 19 जनवरी तक लागू रहेंगे ये Traffic नियम
माघ मेले के तृतीय स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर सर्वाधिक स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रयागराज पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए हैं। शनिवार की रात 12 बजे से प्रयागराज की सीमा पर भारी और हल्के वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लग जाएगी। यह प्रतिबंध 19 जनवरी की रात 12 बजे तक लागू रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, 17 जनवरी की रात 12 बजे से 19 जनवरी की रात 12 बजे तक प्रशासनिक और चिकित्सकीय वाहनों को छोड़कर सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में पूरा माघ मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन रहेगा। साथ ही अक्षयवट दर्शन भी बंद रहेगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों और पैदल मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अगर इस अवधि के बाद भी मेला क्षेत्र में भीड़ रहती है तो यह प्रतिबंध भीड़ की समाप्ति तक लागू किया जा सकता है।
प्रयागराज शहर समेत, कानपुर-लखनऊ, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर व रीवा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े होंगे। इसके अलावा, पांटून पुलों पर वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू रहेगा। परेड ग्राउंड से झूंसी की ओर जाने के लिए पांटून पुल संख्या 3, 5 और 7 का उपयोग होगा, जबकि झूंसी से परेड आने के लिए पांटून पुल संख्या 4 व 6 निर्धारित किए गए हैं। पांटून पुल संख्या 1 और 2 को आपात स्थिति के लिए रिजर्व रखा गया है।
मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने शुक्रवार को मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेते हुए मेला क्षेत्र के चारों जोन उत्तरी झूंसी, दक्षिणी झूंसी, परेड और संगम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया।
