Taj Mahal Urs: आज चढ़ेगी 1720 मीटर की सतरंगी चादर, पूरे दिन फ्री रहेगा ताजमहल
आगरा में शाहजहां के 371वें उर्स का आज तीसरा और अंतिम दिन है। इस अवसर पर ताजमहल में पूरे दिन प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उर्स के मुख्य आकर्षण के रूप में 1720 मीटर लंबी सतरंगी चादर पेश की जाएगी। यह चादर सर्वधर्म सद्भाव का प्रतीक मानी जाती है।
उर्स के दूसरे दिन शुक्रवार को संदल की रस्म अदा की गई। साप्ताहिक बंदी के चलते ताजमहल दोपहर 12:30 बजे नमाज के लिए खोला गया। दोपहर दो बजे से जायरीनों को निःशुल्क प्रवेश मिला, जिन्होंने शाहजहां की कब्र पर संदल का लेप किया और फूलों की चादर चढ़ाई। मुख्य मकबरे में स्थित तहखाने को खोला गया, जहां शाहजहां की कब्रों पर संदल लेप किया गया।
आज उर्स के तीसरे दिन सुबह से ही ताजमहल में निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। खुद्दाम ए रोजा कमेटी द्वारा 1720 मीटर लंबी चादर चढ़ाई जाएगी, जो पिछले वर्ष की 1640 मीटर लंबी चादर से भी अधिक है। सर्वधर्म सद्भाव की प्रतीक सतरंगी हिंदुस्तानी चादर दक्षिणी गेट स्थित हनुमान मंदिर से धर्मगुरुओं की उपस्थिति में ताजमहल ले जाई जाएगी।
