Taj Mahal Urs: आज चढ़ेगी 1720 मीटर की सतरंगी चादर, पूरे दिन फ्री रहेगी एंट्री (Agra news)
आगरा में ताजमहल पर मुगल बादशाह शाहजहां के 371वें उर्स का आज तीसरा दिन है। इस अवसर पर ताजमहल में सुबह से ही पर्यटकों के लिए निःशुल्क प्रवेश शुरू हो गया है, जो शाम तक जारी रहेगा। उर्स के तीसरे दिन का मुख्य आकर्षण 1720 मीटर लंबी सतरंगी चादरपोशी है। यह चादर पिछले वर्ष की 1640 मीटर लंबी चादर से भी बड़ी है।
उर्स कमेटी द्वारा यह सतरंगी चादर दक्षिणी गेट स्थित हनुमान मंदिर से धर्मगुरुओं की उपस्थिति में ताजमहल तक ले जाई जाएगी। इसे सर्वधर्म सद्भाव के प्रतीक के रूप में देखा जाता है।
दूसरे दिन संदल की रस्म हुई पूरी
उर्स के दूसरे दिन शुक्रवार को ताजमहल में संदल की रस्म अदा की गई। साप्ताहिक बंदी के कारण ताजमहल दोपहर 12:30 बजे नमाज के लिए खोला गया। दोपहर दो बजे से जायरीनों को निःशुल्क प्रवेश दिया गया। इस दौरान शाहजहां की कब्र पर संदल का लेप किया गया और फूलों की चादर चढ़ाई गई।
मुख्य मकबरे में स्थित तहखाने को खोला गया, जहां शाहजहां की असली कब्र मौजूद है। इस पर संदल (चंदन, गुलाबजल, केवड़ा, इत्र और दूध का मिश्रण) का लेप किया गया। इस दौरान कव्वाली का आयोजन भी किया गया।
