कानपुर देहात में सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, फरार चालक की तलाश जारी
कानपुर देहात में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। रनिया कस्बे के पास कानपुर-औरैया हाईवे पर हुए एक भीषण हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक कोहरे के कारण हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ था।
मृतक की पहचान सचेंडी कानपुर नगर के रेवरी गांव निवासी छोटू चौहान के रूप में हुई है। वह शुक्रवार देर रात किसी काम से रनिया आया था। रनिया कस्बे में एक निजी अस्पताल के सामने उसकी बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटू गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छोटू को अकबरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही छोटू के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
