कानपुर देहात: शिवली में पिकअप की टक्कर से कैंटीन संचालक की मौत, परिजनों में कोहराम (Kanpur Dehat news)
कानपुर देहात के शिवली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
यह हादसा शिवली के केसरी निवादा रामगंगा नहर पुल के पास हुआ। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के केवलेपुर निवासी 30 वर्षीय राहुल यादव शिवली के परसौली गांव में शराब ठेके पर कैंटीन चलाता था। शुक्रवार शाम किसी बात पर कहासुनी होने के बाद वह कैंटीन बंद करके बाइक से अपने गांव लौट रहा था।
जैसे ही राहुल नहर पुल के पास पहुंचा, भेवान गांव की ओर से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को एंबुलेंस से शिवली सीएचसी भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी पूजा और मां सरला सहित पूरे परिवार में घटना की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
