कानपुर में कड़ाके की ठंड का कहर जारी, Heart Attack से तीन और लोगों की मौत (Kanpur News)
कानपुर में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का कहर जारी है। धूप निकलने के बाद भी सुबह-शाम और रात में पड़ रही कड़ाके की सर्दी लोगों की जान ले रही है। गुरुवार को ठंड लगने और सीने में दर्द से एक अग्निशमन कर्मी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इन मौतों के साथ ही जिले में सर्दी लगने और सीने में दर्द से मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
कुसरजापुर गांव के रहने वाले 58 वर्षीय राम बाबू भोगनीपुर स्थित अग्निशमन विभाग में कार्यरत थे। गुरुवार सुबह ड्यूटी पर आए राम बाबू की सीने में तेज दर्द से हालत बिगड़ गई। सहकर्मी उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी पुखरायां ले गए, जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों को उनकी मौत की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। पति की मौत से उनकी पत्नी साधना बदहवास हो गईं, जबकि पुत्र-पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल था। भोगनीपुर कोतवाली से एसआई अवनी अवनीश वर्मा ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्राथमिक छानबीन में हृदय गति रुकने से उनकी मौत होने की बात सामने आई है।
इधर, सट्टी थाना क्षेत्र के रामपुर दिबैर गांव के 50 वर्षीय चंद्रभान और कुसरजापुर के मो. रहीश की आठ माह की भांजी अमहरा की भी सर्दी लगने से हालत बिगड़ गई। दोनों को उनके परिजन गंभीर हालत में सीएचसी पुखरायां लाए। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने सर्दी लगने से दोनों की मौत होने की संभावना जताई और पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शवों को वापस ले गए।
