कछगांव में बदहाल सड़क से 10 हजार लोग परेशान, जल्द होगा निर्माण
मलासा ब्लॉक के कछगांव गांव में वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। करीब 10 हजार की आबादी और राहगीरों को कीचड़ भरे रास्तों से गुजरने में भारी दिक्कतें हो रही हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत और मांग के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। कुछ साल पहले बनी सड़कें भी एक महीने के भीतर ही टूट गईं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार जहां गांवों में बेहतर आवागमन की सुविधा देने का दावा करती है, वहीं धरातल पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है। कछगांव में करीब 15 साल पहले खड़ंजा बिछाया गया था, जिसके बाद से सड़क की मरम्मत या नए रास्ते का निर्माण नहीं हुआ है। किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया है।
ब्लॉक प्रमुख व ग्राम प्रधान पति स्वतंत्र पासवान ने बताया कि पानी निकासी को लेकर विवाद के कारण सड़क निर्माण में देरी हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही प्रशासन की मदद से सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। इस समस्या का समाधान होने से स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी।
