दिल्ली में 81 नए आरोग्य मंदिर शुरू, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। बुधवार को 81 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे दिल्ली में इन आरोग्य मंदिरों की कुल संख्या बढ़कर 319 हो जाएगी। इससे पहले, चार चरणों में 238 आरोग्य मंदिर सफलतापूर्वक शुरू किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पश्चिमी दिल्ली के नांगल राया में आयोजित एक कार्यक्रम में इन नए केंद्रों का शुभारंभ करेंगी।
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बूस्ट
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि राजधानी में 1100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करने का लक्ष्य है। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को मजबूत करना है। प्रत्येक आरोग्य मंदिर में नागरिकों को मुफ्त डॉक्टर परामर्श, आवश्यक दवाएं और विभिन्न प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण सहायता और मानसिक स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
हेल्थ कार्ड और पैनल अस्पतालों की जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत वय वंदना योजना के तहत 13 जनवरी तक दिल्ली में कुल 6,91,530 हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 2 लाख 65 हजार 895 कार्ड आयुष्मान भारत वय वंदना योजना के तहत जारी हुए हैं। योजना के तहत लोगों को मुफ्त उपचार की सुविधा प्रदान करने के लिए दिल्ली में 189 अस्पतालों को पैनल में शामिल किया गया है। इनमें 138 निजी अस्पताल, 41 दिल्ली सरकार के अस्पताल और 10 केंद्रीय सरकार के अस्पताल शामिल हैं।
