हाथरस रोड पर नगर निगम का एक्शन: टेढ़ी बगिया में फुटपाथ खाली कराए, अतिक्रमण हटाओ अभियान
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और आम नागरिकों को पैदल चलने में हो रही असुविधा को दूर करने के उद्देश्य से नगर निगम लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को टेढ़ी बगिया से हाथरस रोड और वाटर वर्क्स से बल्केश्वर रोड तक बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत, फुटपाथों और सड़क किनारे अवैध रूप से ठेले, ढाबे, तख्त और अस्थायी ढांचे लगाकर सामान बेचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। नगर निगम की टीम ने दर्जनों ऐसे ठेलों, अस्थायी दुकानों और अवैध कब्जों को हटवाया, जिनके कारण लंबे समय से क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई थी।
इस कार्रवाई की भनक लगते ही क्षेत्र के दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। निगम अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि फुटपाथ या सार्वजनिक मार्ग पर दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस अभियान से आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इससे पैदल चलने वालों के लिए मार्ग सुगम होगा।
