आगरा एयरपोर्ट का 110 करोड़ से होगा विस्तार, बनेगा नया टैक्सी ट्रैक; बढ़ेगी कनेक्टिविटी
आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। एयरपोर्ट प्रशासन 110 करोड़ रुपये की लागत से विस्तार और टैक्सी ट्रैक के निर्माण का कार्य शुरू करने जा रहा है। यह परियोजना दो साल में पूरी होने की उम्मीद है। विस्तार के बाद एयरपोर्ट का नागरिक क्षेत्र आगरा वायुसेना स्टेशन की सीमा से बाहर आ जाएगा, जिससे यात्रियों के लिए आवागमन आसान होगा।
एयरपोर्ट के विस्तार के लिए धनौली, बल्हैरा और अभयरपुरा गांवों में 37 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। नई बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिसमें निर्धारित दूरी पर वाच टावर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट निदेशक विवेक शर्मा ने बताया कि विस्तार और टैक्सी ट्रैक के लिए टेंडर की तकनीकी और वित्तीय बिड खुल चुकी है। जल्द ही अवार्ड किया जाएगा और कार्य एक से डेढ़ माह में शुरू हो जाएगा। 110 करोड़ रुपये की यह परियोजना दो साल में पूरी होगी।
इस विस्तार के तहत धनौली गांव की तरफ एक भव्य गेट बनाया जाएगा, जहां से एयरपोर्ट में प्रवेश होगा। यहां पार्किंग की व्यवस्था भी होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सिटी बसों का संचालन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और आइएसबीटी तक किया जाएगा। इससे आगरा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी शहर के प्रमुख हिस्सों से बेहतर होगी।
