केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर हमला: ‘पहले बिजली आती नहीं थी, अब जाती नहीं’; UP politics news
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर देहात में विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बिजली आपूर्ति को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा शासन में बिजली जाती नहीं है, जबकि पूर्व की सरकारों में यह आती ही नहीं थी। मौर्य ने यह बयान रामजानकी महाविद्यालय बैरी असई में दिया, जहां उन्होंने राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया।
उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष को जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब विपक्ष की इस रणनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार सभी वर्गों के जीवन में खुशियां लाने के लिए काम कर रही है।
मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को दोहराया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश के चौमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और सरकार का लक्ष्य गरीब लोगों को भी अमीर बनाना है।
मौर्य ने संविधान को लेकर विपक्ष के आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान की पुजारी है और इसे खत्म नहीं होने देगी। उन्होंने विपक्ष पर जनता को गुमराह करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
