0

Aligarh में नौकरी के नाम पर 3.85 लाख की ठगी, तीन पर मुकदमा दर्ज

By Jan 1, 2026

अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से 3.85 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ितों में मथुरा जनपद के टेंटीगांव निवासी प्रवीन कुमार लवालियां और नयावास निवासी योगेन्द्र सिंह शामिल हैं। दोनों युवक मथुरा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। प्रवीन की बहन की ससुराल अंडला में होने के कारण उनका वहां आना-जाना था। इसी दौरान उनकी पहचान अंडला क्षेत्र के बलीपुर निवासी रामगोपाल, कुलदीप और विशाल से हुई।

आरोप है कि नामजदों ने सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाते हुए उनसे तीन लाख रुपये की मांग की। पीड़ितों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 3.85 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। हालांकि, आरोपियों ने न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए। जब पीड़ितों ने रुपये लौटाने का दबाव बनाया तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।

पीड़ितों ने मामले की शिकायत एसएसपी अलीगढ़ से की थी। एसएसपी के आदेश पर खैर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने मामले की जांच हल्का पलाजरारा इंचार्ज को सौंपते हुए वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें