आगरा में जल्द खुलेगा International Potato Research Center, किसानों को मिलेगा फायदा
आगरा के सींगना में जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र (International Potato Research Center) का शिलान्यास किया जाएगा। यह केंद्र आलू उत्पादक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। यह केंद्र किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और शोध से जोड़ेगा, जिससे उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले आलू के बीज उगाने और निर्यात करने में मदद मिलेगी। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और भारतीय कृषि को नई दिशा मिलेगी।
फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने सींगना में बनने वाले इस केंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम पर चर्चा की। चाहर ने बताया कि यह केंद्र क्षेत्र के किसानों के लिए गेमचेंजर साबित होगा और उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ेगा।
सांसद चाहर ने केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह केंद्र ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो भारतीय किसानों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।
