दिल्ली में नए साल का जश्न: कनॉट प्लेस में delhi police का कड़ा पहरा, 857 PCR वैन ने की गश्त
दिल्ली में नए साल के जश्न को लेकर युवाओं में भारी उत्साह देखा गया, खासकर कनॉट प्लेस और खान मार्केट जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में। इस मौके पर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कनॉट प्लेस में शाम 7 बजे के बाद यातायात नियमों को सख्त कर दिया गया। बिना पार्किंग स्टिकर वाली गाड़ियों को इनर सर्किल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। केवल वैध पास वाली गाड़ियों को ही एंट्री दी गई। दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स को भी कनॉट प्लेस के आसपास तैनात किया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत, पार्किंग एरिया में प्रवेश करने वाले ड्राइवरों की भी जांच की गई। सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों ने स्टेशन हाउस ऑफिसर को पब, क्लब, रेस्टोरेंट और बार का निरीक्षण करने का निर्देश दिया था। यह सुनिश्चित किया गया कि ये प्रतिष्ठान तय समय से कम से कम आधे घंटे पहले बंद हो जाएं।
राजधानी में कुल 857 PCR वैन ने देर रात तक अपने-अपने इलाकों में गश्त की। हर PCR वैन की मूवमेंट पर सेंट्रल कंट्रोल रूम से सीनियर अधिकारी लगातार नज़र रख रहे थे ताकि किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
