जालंधर: Bhargava Camp में शराब ठेके पर हंगामा, पार्षद पति और ठेकेदार के बीच तीखी बहस
जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में शराब के एक नए ठेके को लेकर विवाद गहरा गया है। सोमवार को स्थानीय निवासियों ने ठेके के विरोध में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्षद रूपा भगत के पति सुदेश भगत और ठेका संचालक के बीच तीखी बहस हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेके के खुलने से इलाके का माहौल खराब होगा, खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए परेशानी बढ़ेगी।
ठेका संचालक ने स्थानीय लोगों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पास ठेका खोलने के लिए डिप्टी कमिश्नर और आबकारी विभाग से वैध आदेश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले लोग उनसे अवैध रूप से हर महीने 50 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं और पैसे न देने पर ब्लैकमेल कर रहे हैं।
ठेका संचालक ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले भी पास में ही वर्षों से एक ठेका चल रहा था, जिस पर कोई विरोध नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि ठेके को शिफ्ट करने का मुख्य कारण पुराने स्थान के मालिक द्वारा अत्यधिक किराया (50 हजार रुपये महीना) मांगना था। नए स्थान पर शिफ्ट होने से उन्हें किराए में बचत हो रही थी।
हंगामे की सूचना मिलते ही भार्गव कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
