कसबा में अमीर खुसरो जयंती पर कव्वाली नाइट, Sabri Brothers ने बांधा समां
कसबा के एटा रोड स्थित एसबीआर इंटर कॉलेज के निकट हजरत अमीर खुसरो की जयंती पर एक भव्य कव्वाली नाइट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में साबरी ब्रदगी और सूफी संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने रातभर श्रोताओं को बांधे रखा।
अनुभूति सेवा समिति एवं उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक अंशुमान यादव रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुभूति सेवा समिति की अध्यक्ष किरण यादव ने की।
जयपुर से आए कव्वाल मुहम्मद अमीन साबरी एवं साबरी ब्रदर्स ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। उन्होंने ‘हाथों में गीता, दिलों में कुरआन रखेंगे, पहले हम दिल में हिंदोस्तान रखेंगे’ जैसे देशभक्ति गीतों से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अमीर खुसरो की अमर रचना ‘छाप तिलक सब छीनी रे’ सहित कई सूफियाना कलाम पेश किए।
।
कव्वाली के दौरान साबरी ब्रदर्स ने फिल्म ‘हिना’ का गीत ‘देर न हो जाए कहीं’ और ‘सिर्फ तुम’ का लोकप्रिय गीत ‘एक मुलाकात जरूरी है सनम’ भी गाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
आयोजक किरण यादव ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को महान साहित्यकारों के विचारों से जोड़ते हैं और खुसरो की रूह का एहसास कराते हैं। कार्यक्रम के समापन पर साबरी ब्रदर्स को अमीर खुसरो की प्रतिमा, प्रतीक चिन्ह एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।
