Dhurandhar Box Office Collection: 24वें दिन भी Ranveer Singh की फिल्म का जलवा, Gadar 2 और Kalki 2898 AD को पछाड़ा
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने अपनी रिलीज के 24वें दिन, रविवार को भी मजबूत पकड़ बनाए रखी। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, फिल्म ने रविवार को 3.01 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे इसका कुल कलेक्शन 671.01 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े हैं। ‘धुरंधर’ ने प्रभास की ‘कल्कि 2898 एडी’ के लाइफटाइम कलेक्शन (646.31 करोड़ रुपये) को पार कर लिया है। फिल्म की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चौथे हफ्ते में भी इसकी ऑक्यूपेंसी 26.31 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम और रात के शो के साथ बढ़ने की उम्मीद है।
चौथे शनिवार को बनाया रिकॉर्ड
फिल्म ने 23वें दिन, यानी चौथे शनिवार को भी एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया। ‘धुरंधर’ ने चौथे शनिवार की टिकट बिक्री के मामले में सनी देओल की ‘गदर 2’ को पीछे छोड़ दिया। ‘गदर 2’ ने अपने चौथे शनिवार को 1.11 लाख टिकट बेचे थे, जबकि ‘धुरंधर’ ने इससे लगभग 139 प्रतिशत अधिक टिकट बेचे।
इसके अलावा, ‘धुरंधर’ ने विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ को भी पछाड़ दिया, जो अब तक चौथे शनिवार की टिकट बिक्री में शीर्ष पर थी। ‘छावा’ ने अपने चौथे शनिवार को 3.09 लाख टिकट बेचे थे, जबकि ‘धुरंधर’ ने 3.21 लाख टिकट बेचकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस प्रदर्शन के साथ, ‘धुरंधर’ चौथे शनिवार को सबसे ज्यादा टिकट बेचने वाली फिल्म बन गई है।
