बांग्लादेश हिंसा के खिलाफ इंदौर में प्रदर्शन, Akash Vijayvargiya ने फूंका पुतला (indore news)
इंदौर में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा के विरोध में शनिवार को बड़ा प्रदर्शन हुआ। भाजपा के पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में यह जन आक्रोश रैली बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में साधु-संतों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान आकाश विजयवर्गीय ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि इंदौर से एक-एक बांग्लादेशी घुसपैठिए को बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर घर-घर जाकर पहचान पत्रों की जांच की जाएगी। उन्होंने बांग्लादेश में हिंसा के लिए मोहम्मद यूनुस को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके नोबेल शांति पुरस्कार को वापस लेने की मांग की।
विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी फलस्तीन का समर्थन करते हुए संसद में टी-शर्ट और झोला लेकर गए थे, लेकिन बांग्लादेश के पीड़ित हिंदुओं के लिए एक भी कांग्रेसी सड़क पर नहीं आया। रैली में शामिल संतों ने हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान किया।
