Kasganj news: सिढ़पुरा के राजवाह में मिले जानवरों के अवशेष, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
कासगंज जिले के सिढ़पुरा कोतवाली क्षेत्र में खजुरा और फगनौल गांवों के बीच बहने वाले राजवाह में जानवरों के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। शनिवार को ग्रामीणों ने राजवाह में ये अवशेष देखे, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सिढ़पुरा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की मांग पर पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों को भी बुलाया गया। चिकित्सकों की टीम ने मौके पर ही अवशेषों के सैंपल एकत्र किए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। पुलिस की मौजूदगी में शेष अवशेषों को विधिवत गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
इस संबंध में सिढ़पुरा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि राजवाह में जानवरों के अवशेष मिलने की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचकर सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ये अवशेष किस जानवर के हैं और यह घटना कैसे हुई।
