UP Voter List Update: मुरादाबाद में 2.10 लाख मतदाताओं को नोटिस, मैपिंग के लिए 12 दस्तावेज जरूरी
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 2.10 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मतदाताओं ने गणना-प्रपत्र तो जमा कर दिया, लेकिन अपनी मैपिंग प्रक्रिया पूरी नहीं की। मैपिंग का अर्थ है कि उन्होंने फॉर्म में केवल नाम भरकर जमा कर दिया, लेकिन पहचान सत्यापन के लिए आवश्यक दस्तावेज नहीं दिए।
प्रशासन के अनुसार, इन मतदाताओं ने 2003 की मतदाता सूची या माता-पिता से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी। अब इन सभी को नोटिस का जवाब देना होगा और अपनी पहचान के प्रमाण के तौर पर 12 सरकारी प्रमाण-पत्रों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं, तो उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
जिले में कुल 24 लाख 59 हजार 455 मतदाता हैं। इनमें से 3 लाख 86 हजार मतदाता ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में रखे गए हैं। अनकलेक्टेबल मतदाताओं में 54 हजार 12 मृत, 1 लाख 7 हजार अनुपस्थित, 1 लाख 69 हजार स्थायी रूप से स्थानांतरित, और 48 हजार डबल एंट्री वाले मतदाता शामिल हैं।
गणना-प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि बीतने के बाद अब 31 दिसंबर को अनंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इस अनंतिम सूची में अनकलेक्टेबल मतदाताओं को शामिल नहीं किया जाएगा। अनंतिम सूची के प्रकाशन के बाद 30 जनवरी तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 28 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
