ग्वालियर में Kailash Kher के कॉन्सर्ट में हंगामा, भीड़ ने तोड़ी बैरिकेडिंग; सिंगर ने कहा- ‘जानवरगिरी मत करो’
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित एक संगीत समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब दर्शकों ने सुरक्षा बैरिकेड्स तोड़कर मंच की ओर दौड़ना शुरू कर दिया। यह घटना ग्वालियर गौरव दिवस और तबला दिवस के अवसर पर आयोजित कैलाश खेर के कॉन्सर्ट में हुई।
भीड़ के अनियंत्रित व्यवहार को देखते हुए कैलाश खेर को बीच में ही अपना प्रदर्शन रोकना पड़ा। उन्होंने मंच से दर्शकों को संबोधित किया और उन्हें शांत रहने की अपील की।
खेर ने भीड़ की इस हरकत पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “हमने आपकी प्रशंसा की और आप इतना जानवरगिरी कर रहे हैं। जानवरगिरी मत करिए प्लीज… अगर कोई हमारे इंस्ट्रूमेंट्स या इक्विपमेंट के पास आया, तो हम शो बंद कर देंगे।”
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर ग्वालियर के दर्शकों के व्यवहार की कड़ी आलोचना हो रही है। कई यूजर्स ने इस व्यवहार को शर्मनाक बताया और कहा कि ऐसे आयोजनों के लिए ग्वालियर के लोग तैयार नहीं हैं। कुछ यूजर्स ने शहर का नाम खराब करने के लिए भी नाराजगी व्यक्त की।
यह पहली बार नहीं है जब कैलाश खेर को लाइव शो के दौरान ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा है। इससे पहले 2023 में कर्नाटक में एक कॉन्सर्ट के दौरान भी उन पर बोतल फेंकी गई थी।
